जलालाबाद देहात ग्राम सभा प्रधान नजीर मलिक के घेर और नगर पंचायत कार्यालय में शनिवार को शिकायत कर्ताओं को शिकायत सुनी। शिकायतों में पट्टा धारकों ने अधिकांश अपने पट्टे पर कब्जा कराने की मांग की। आवासीय पट्टे वालों ने भी आवास के पट्टों पर कब्जा कराने की शिकायत राजस्व टीम प्रभारी नायब तहसीलदार सुरेंद्र कुमार से की।
ग्राम सभा के सभी तालाबों पर किए गए अवैध कब्जों की शिकायत ग्राम प्रधान नजीर मलिक व पूर्व चेयरमैन जहीर अहमद ने शिकायत की। इसके साथ ही सैकड़ों बीघा पशुचर की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को लेकर पहुंची शिकायत पर एक्शन लिया। टीम प्रभारी नायब तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पवन कुमार सैनी व फोर्स के साथ सहारनपुर हाईवे पर बड़े बिजलीघर के समीप पशुचर की सरकारी भूमि व बंजर भूमि को लेखपाल ब्रजपाल सिंह, विनोद कुमार, राजस्व निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने पैमाइश कर कालू, श्याम बाबू, अजीम मुदीन, एजाज, आदि से कब्जा मुक्त करते हुए गेहूं, लहसुन, वरसीम आदि की फसल पर ट्रैक्टर चलाकर कब्जा हटवाया। वहीं, नायब तहसीलदार ने बताया कि जलालाबाद देहात में अवैध कब्जे हटाने का कार्य पूरे सप्ताह भर चलेगा। ग्राम प्रधान नजीर मलिक का कहना है कि जलालाबाद देहात में आवासीय पट्टों व कृषि भूमि पट्टों पर अवैध कब्जे कर रखे है। जिन्हें खाली कराकर पट्टा धारकों को दिलाया जाएगा।