मीटर लगाने के नाम पर सुविधा शुल्क की मांग
कैराना (शामली)। क्षेत्र के ग्राम नंगलाराई में बृहस्पतिवार को विद्युत निगम की टीम उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगवाने पहुंची। आरोप है कि उपभोक्ताओं से मीटर लगाने के नाम पर सुविधा शुल्क के तौर पर 200 रुपये की मांग की गई। ग्रामीणों ने विरोध कर उच्चाधिकारियों से शिकायत कर दी, जिसके चलते टीम लौट आई।
उपभोक्ताओं का कहना था कि सरकार विद्युत कनेक्शन और मीटर लगवाने की बात करती है, लेकिन विद्युत विभाग के कर्मी अवैध वसूली कर रहे हैं। ग्रामीणों ने एसडीओ अरशद अली से शिकायत कर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की है। एसडीओ अरशद अली का कहना है कि सरकार ने मीटर लगाने के लिए कोई रकम निर्धारित नहीं कर रखी है। यदि कोई भी कर्मचारी उपभोक्ता से मीटर लगाने के नाम पर धनराशि मांगता है, तो उसकी सूचना तत्काल अधिकारियों को दें। उनका कहना है कि अभी तक सुविधा शुल्क वसूलने का मामला जांच में नहीं आया है, यदि नंगला राई में उपभोक्ताओं से वसूली की गई है, तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।