गांवों में विकास कार्यों में लाई जाए तेजी
शामली। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले कार्यों में गुणवत्ता के साथ तेजी लाई जाए। खासकर पेयजल प्रबंधन, जल संरक्षण और तालाबों तक गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए।
शनिवार को जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कलक्ट्रेट सभाकक्ष में ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान बताया गया कि जिले में 1892 हैंडपंप स्थायी रूप से खराब हैं, जबकि 407 हैंडपंप अस्थायी रूप से खराब हैं। इन हैंडपंपों को रीबोर कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि हैंडपंप रीबोर कराने में पुरानी पद्धति से हटकर ग्राम पंचायत अपने स्तर से जांच कराए, ताकि कम खर्च में समस्या का समाधान हो सके। जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत की कार्ययोजना में तालाबों तक गंदे पानी की निकासी पर ध्यान दिया जाए। साथ ही बैठक में यह भी बताया गया कि काफी संख्या में हैंडपंपों को लोगों ने अपनी निजी उपयोग में ले लिया है, उन्हें तत्काल कब्जा मुक्त कराने का निर्देश दिया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी नरेशचंद सहित सभी बीडीओ भी मौजूद रहे।
अग्रवाल सम्मेलन ने किया राजेश्वर बंसल का स्वागत
शामली। अग्रवाल सम्मेलन के पदाधिकारियों ने शनिवार को दिल्ली रोड पर नगर पालिका शामली से अध्यक्ष पद पर निर्वाचित अंजना बंसल के पति पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल को स्मृति चिह्न देकर और फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष शिवचरण संगल, अजय संगल, रमेशचंद नंबरदार, प्रमोद शरण, मुकेश गर्ग, प्रवीण संगल, प्रमोद राणा, रणधीर कांबोज, विपिन गोयल, प्रमोद गोयल, संजीव संगल, राजेंद्र, बबली कांबोज, कालू मेंबर, योगेश्वर आदि मौजूद रहे।