फसली ऋण माफी योजना के लिए कृषकों के बैंक खाते आधार नंबर से जोड़ने में एसबीआई की शाखाएं पिछड़ रही हैं। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने ऐसी बैंक शाखाओं के प्रबंधकों से स्पष्टीकरण मांगा है।
सोमवार को शुगर मिल परिसर स्थित कैंप कार्यालय पर समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि फसली ऋण माफी योजना में चिह्नित किसानों के शत प्रतिशत खाते आधार से जोड़े जाने हैं। अभी तक 60 प्रतिशत खाते ही आधार से जुड़ पाए हैं। इस कार्य में भारतीय स्टेट बैंक की शाखाओं का कार्य अन्य बैंक शाखाओं की अपेक्षा कम है। जिलाधिकारी ने बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि आधार फीडिंग कार्य में तेजी लाई जाए। यदि इस कार्य में प्रबंधक लापरवाही करेंगे, तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी शिव बहादुर सिंह, उपजिलाधिकारी और बैंक शाखा प्रबंधक मौजूद रहे।