थानाभवन(शामली)। ऊन-थानाभवन रेलवे ट्रैक पर निर्माणाधीन अंडरपास अधर में पड़ा हुआ है। दो दिनों से हो रही बारिश के चलते रास्ता भी दलदल में तब्दील हो गया है। उधर, ग्रामीणों ने रेल मंत्री को भेजे ज्ञापन में 10 दिन में अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर रेल रोको आंदोलन की चेतावनी दी है।
थानाभवन-ऊन रेलवे ट्रैक पर छह महीने से अंडरपास का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। इससे वाहनों का आवागमन लिंक मार्ग से हो रहा है। रेत खनन कर ला रहे ट्रकों के कारण लिंक मार्ग भी गड्ढों में तब्दील हो गया। दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया। सड़क तालाब के रूप में तब्दील हो गई। खानपुर, मनठ, हसनपुर, मानकपुर, भनेड़ा, पल्ठेडी, कच्ची गढ़ी आदि के ग्रामीणों का नगर में आवागमन बंद हो गया है। दलदल हो जाने से चौपहिया वाहन भी कई जगहों पर फंसे खड़े होने से घंटों का जाम लगा रहता है। जिला पंचायत सदस्य शेर सिंह राणा, रजनीश ठाकुर, शक्ति सिंह प्रधान, इमरान प्रधान, बबलू पूर्व प्रधान, हरेंद्र सिंह प्रधान, गौरव प्रधान, रजनीश सैनी प्रधान, हसनपुर, रामकुमार सैनी प्रधान, शमशाद प्रधान आदि ने रेलमंत्री सुरेश प्रभु को भेजे ज्ञापन में दस दिन के अंदर रेलवे अंडरपास के निर्माण कार्य को पूरा करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 10 दिन में अंडरपास निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो ग्रामीण रेल रोको आंदोलन करने पर विवश होंगे ।