झिंझाना। गांव नौनांगली में अज्ञात बीमारी से पशुओं की मौत होने पर पशुपालकों में हड़कंप मचा हुआ है। कई पशु अभी भी बीमार है। ग्रामीणों का आरोप है कि ऊन पशु चिकित्सक को शिकायत करने के बाद पशुओं को बीमारी से बचाव के टीके नहीं लगाए गए हैं।
गांव नौनांगली में गत 15 दिन से पशुओं में फैली बीमारी के चलते एक दर्जन से अधिक दुधारू पशुओं की मौत हो चुकी है। 15 दिन में ग्रामीण मेजर, सतबीर, चंद्रपाल, इंद्र, सलीम, यशपाल, रामबीर, बिट्टू, की दुधारू भैंस के अलावा कटड़े और भैंसा की मौत होने पर लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। इनके अलावा अजय के चार पशु, कृष्णपाल के दो, ऋषिपाल के तीन, बीरसिंह का एक, इंद्र के दो, सलीम के दो समेत अन्य ग्रामीणों के पशु बीमार है। ग्रामीणों ने बताया की पशुओं को मुंह से झाग आने के बाद तड़पकर दम तोड़ देते है। ग्रामीणों का आरोप है कि ऊन पशु चिकित्साधिकारी को कई बार शिकायत करने के बाद भी आज तक गांव में पशुओं में टीकाकरण नहीं किया गया है। इस संबंध में ऊन पशु चिकित्साधिकारी डाक्टर हेमेंद्र लांबा ने बताया कि उन्हें इस प्रकार की कोई जानकारी नहीं है। वे चुनाव की मीटिंग में व्यस्त है। अगर ऐसा कोई मामला है तो सोमवार को टीम भेजकर गांव में जानकारी कराई जाएगी। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी शामली को शिकायत करने की बात कही है।