अमर उजाला ब्यूरो
शामली। जम्मू काश्मीर से धारा 370 और धारा 35ए हटाने, पुलवामा में शहीद सीआरपीएफ के जवानों का शहीद का दर्जा देने की मांग के लिए जिले के शहीद जवानों के घर से पद यात्रा निकलेगी। पदयात्रा 23 फरवरी से शुरू होकर दिल्ली में प्रधानमंत्री के आवास पर एक मार्च को समाप्त होगी। बृहस्पतिवार को किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन डीएम अखिलेश कुमार सिंह को सौंपकर इसकी जानकारी दी।
किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं कस प्रतिनिधिमंडल डीएम अखिलेश कुमार सिंह से मिला। बताया कि आतंकवादी हमले के विरोध में पूरे देश में गुस्सा और गम का माहौल है। बताया कि किसान यूनियन पुलवामा हमले में मारे गए सीआरपीएफ के जवानों को शहीद का दर्जा दिलाने, जम्मू काश्मीर में धारा 370 व 35ए हटाने की मांग को लेकर 23 फरवरी को सुबह दस बजे शामली शहर में शहीद प्रदीप बनत स्थित आवास से पैदल यात्रा शुरू होगी। पैदल यात्रा का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक, प्रदेश संगठन मंत्री रण कुमार गढीपुख्ता, सचिव संजीव लिलौन करेंगे। बनत से शुरू होने वाली पदयात्रा के दौरान एसटी तिराहे, कुड़ाना मोड़ पर शहीद प्रविंद्र, धीमानपुरा रेलवे फाटक पर चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा, रेलपार में शहीद अमित कुमार के आवास से होते हुए शहर के सुभाष चौक, अजंता चौक, आंबेडकर चौक पर शहीद और महापुरुषों की प्रतिमाओं का माल्यार्पण किया जाएगा। पद यात्रा का पहला पड़ाव एलम, दूसरा पड़ाव बावली में होगा। 25 फरवरी को बड़ौत में पंचायत होगी। इसके बाद पदयात्रा बागपत और लोनी से होते हुए दिल्ली इंडिया गेट पर पहुंचेगी और शहीदों को श्रद्धांजली दी जाएगी। एक मार्च को पद यात्रा की समाप्ति पर प्रधानमंत्री आवास पर ज्ञापन दिया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में प्रदेश संगठन मंत्री रण कुमार, जिलाध्यक्ष मनोज पंवार, जिला मंत्री सतवीर सिंह मूंछ, जिला सचिव जयपाल सिंह, जिला कार्यकारिणी सदस्य कुलदीप, रणवीर सिंह, रविंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, रविंद्र कांधला, अमित पंवार, दिनेश शर्मा पठानपुरा आदि मौजूद रहे।