अमर उजाला ब्यूरो
कांधला। एसडीएम कैराना ने रविवार को तहसीलदार और पुलिस के साथ कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड से लेकर पूर्वी यमुना नहर तक अतिक्रमण हटवाया। उन्होंने इस मार्ग पर नगर पालिका चेयरमैन को सीसी टीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड से लेकर पूर्वी यमुना नहर तक लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। इस कारण इस मार्ग पर दिन में जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा था। इसके अलावा छेड़छाड़ की घटनाएं भी होती रहती थी। मामले की शिकायत एसडीएम से की गई थी। इसी को देखते हुए एसडीएम कैराना डाक्टर अमित पाल शर्मा और तहसीलदार रणवीर सिंह ने रविवार को पुलिस बल की मदद से दिल्ली बस अड्डे से लेकर नहर की पटरी तक अतिक्रमण हटवाया। कुछ व्यापारी और नेताओं ने विरोध करने की कोशिश की लेकिन एसडीएम की सख्ती के आगे किसी की नहीं चली। एसडीएम ने व्यापारियों को दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही दिल्ली बस स्टैंड से लेकर पूर्वी यमुना नहर तक पालिका प्रशासन को सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए ताकि छेड़छाड़ की घटनाओं पर नजर रखी जा सके।