शामली। यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल पर अंकुश लगाने के लिए शासन ने अभी से शिंकजा कसना शुरू कर दिया है। अब बोर्ड परीक्षा के लिए केवल राजकीय विद्यालयों को ही अग्रसारण केंद्र बनाया जा सकेगा। एडेड कॉलेजों को सूची से बाहर किया जाएगा। इसे लेकर शासन ने निर्देश भी जारी कर दिए है। इसके चलते जिले में बने अग्रसारण केंद्रों में परिवर्तन किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्घ जनपद में करीब 100 स्कूल संचालित है। सभी विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा निष्पक्ष कराने के लिए विभाग की ओर से दिशा निर्देश जारी किए है। इसके तहत हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा में शामिल होने वाले प्राइवेट छात्र-छात्राओं के लिए 13 राजकीय और एडेड कॉलेजों को अग्रसारण केंद्र बनाया गया था। इसमें केवल दो राजकीय इंटर कॉलेज और 11 एडेड कॉलेज शामिल थे। शासन की ओर से जारी निर्देश के बाद सोमवार जिला विद्यालय निरीक्षक ने सात एडेड कॉलेजों को सूची से बाहर कर दिया गया। माध्यमिक शिक्षा सचिव नीना श्रीवास्तव की ओर से चार अगस्त को जारी निर्देश में कहा गया कि केवल राजकीय कॉलेजों को ही अग्रसारण केंद्र बनाया जाए। पूर्व वर्ष काफी विद्यालयों ने आवेदन भरवाने में लापरवाही बरती थी। जांच के बाद काफी अभ्यर्थी फर्जी पाए गए थे। इसके चलते राजकीय कॉलेजों को ही अग्रसारण केंद्र बनाने के निर्देश दिए है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अनुराधा शर्मा ने बताया कि जनपद में हाल में 16 राजकीय हाईस्कूल व इंटर कॉलेज संचालित है। इनमें नौ हाईस्कूल व सात इंटर कॉलेज है। पांच इंटर कॉलेजों में स्थाई शिक्षकों की तैनाती नहीं है। वहीं राजकीय हाईस्कूलों में भी शिक्षकों की कमी है। जिसके चलते उन्होंने दो राजकीय इंटर कॉलेजों में स्थाई शिक्षकों की तैनाती के चलते अग्रसारण केंद्र बनाया है। वहीं जनपद मुख्यालय पर कोई भी राजकीय कॉलेज न होने के चलते चार एडेड कॉलेजों को अग्रसारण केंद्र बनाया है। पहली सूची से सात एडेड कॉलेजों को सूची से हटा दिया है। अब केवल छह केंद्रों से ही हाईस्कूल व इंटर के प्राइवेट फार्म भर सकते है। इनमें वीवी इंटर कॉलेज व देशभक्त इंटर कॉलेजों में केवल बंदी रक्षी और बाहरी छात्र-छात्रा ही अपने फार्म भर सकते है।
प्राइवेट फार्म भरवाने के लिए बनाए गए केंद्र की सूची
1-राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कांधला
2- राजकीय मान सिंह इंटर कॉलेज कंडेला
3-वीवी इंटर कॉलेज शामली
4-देशभक्त इंटर कॉलेज शामली
5-हिंदू कन्या इंटर कॉलेज शामली
6-जैन कन्या इंटर कॉलेज शामली
---कैंसिल किए गए सात केंद्रों की सूची
1-चंदन लाल नेशनल इंटर कॉलेज कांधला
2-पब्लिक इंटर कॉलेज कैराना
3-दिंगबर जैन कन्या इंटर कॉलेज कैराना
4-आर्य कन्या इंटर कॉलेज कैराना
5-राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज झिंझाना
6-आरडी इंटर कॉलेज सिक्का सिलावर
7-लाला लाजपत राय इंटर कॉलेज थानाभवन