शामली। राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ के निर्देश पर जनपद के सभी माध्यमिक स्कूलों में हाईस्कूल के हिंदी और सामाजिक विज्ञान के शिक्षकों को गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान करने के लिए दस दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें शिक्षकों को छात्र-छात्राओं से बोलने, पढ़ाने, लिखाने और याद कराने का सबसे सरल तरीके का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 23 जनवरी से दो फरवरी तक आरके इंटर कॉलेज में शुरू होगा। राजकीय और सहायता प्राप्त स्कूलों के करीब 130 शिक्षक-शिक्षिकाएं प्रशिक्षण लेंगे।
जिला समन्वयक मदनपाल ने बताया कि राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देश पर गणित और विज्ञान विषय के प्रशिक्षण के बाद अब हाईस्कूल के हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय में शिक्षकों को पढ़ाने और याद कराने का आसान तरीके का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जनपद के राजकीय और सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों को ही प्रशिक्षण दिया जाना है। दोनों विषयों में जनपद से करीब 130 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाना है। इसमें हिंदी विषय में 80 शिक्षक और सामाजिक विज्ञान में करीब 54 शिक्षक प्रशिक्षण लेंगे। प्रशिक्षण आरके इंटर कॉलेज में 23 जनवरी से दो फरवरी तक चलेगा। इसके लिए मास्टर ट्रेनर्स भी नियुक्त कर दिए गए है। ट्रेनर शिक्षकों को हिंदी की उपयोगिता, कठिनाई एवं समाधान, तनाव प्रबंधन पर चर्चा, शिक्षण को प्रभावी बनाने के उपाय, वर्तनी दोष, उच्चारण, वाचन दोष संबंधी कठिनाईयों का निराकरण, पाठ के प्रति बच्चों को आकर्षित करने के उपाय, वीडियो क्लिप या अन्य माध्यम से उत्तम शिक्षण विधि का प्रदर्शन, समूह द्वारा आदर्श शिक्षण कला, हिंदी गद्य और पद्य में अंतर, शब्द भंडार बढ़ाने, कविता लेखन तथा वाचन के प्रति प्रेरित करने, संस्कृत उच्चारण आदि विषय के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, सामाजिक विज्ञान विषय में मानचित्र प्रयोग कौशल विकास, ग्लोब का प्रयोग, कहानी भाषण प्रोजेक्ट विधि, मौसम पर्यावरण, मानव भूगोल, शहर, उद्योग, व्यवसाय, समता, समानता, सूचना का अधिकार, राजनेताओं की पहचान, अर्थशास्त्र की समझ, भारतीय अर्थ, मुद्रा, सामाजिक जिम्मेदारियां, व्यक्तित्व विकास अस्तित्व प्रेरण आदि विषय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सुबह 10.30 पर शुरू होगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से समय पर पहुंचने के निर्देश दिए।