कस्बा कैराना में शामली रोड के पास सत्यम कॉलोनी में शनिवार सुबह दो युवक कुर्बानी के बाद बचे हुए पशुओं के अवशेषों से लदा रेहड़ा छोड़कर भाग गए। इस पर कॉलोनी के लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस और नगर पालिका कर्मी ने मौके पर जाकर स्थिति संभाली।
शनिवार को ईद-उल अजहा पर कुर्बानी के बाद दो युवक रेहडे़ में पशुओं के अवशेष लादकर सत्यम कॉलोनी में पहुंच गए और रेहड़ा वहीं छोड़ कर भाग फरार हो गए। मोहल्ले के लोगों ने पशुओं के अवशेष से भरा रेहड़ा देखा तो भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस तथा नगर पालिका के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। बाद में नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों ने रेहडे़ को वहां से हटा कर जंगल में अवशेषों को डाल दिया। पुलिस ने खाली रेहड़ा जब्त कर लिया है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि रेहड़ा के मालिक का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।
नालियों में खून बहाने पर हंगामा
बाबरी। बकरीद पर गांव कैंडी में मुसलिमों ने घरों में पशुओं की कुर्बानी की। कुर्बानी के बाद नालियों में खून बहने लगा। इसे देखने के बाद लोगों ने हंगामा कर दिया। दूसरे पक्ष के लोग भी इकट्ठा होने लगे। इसी दौरान सूचना पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और बाबरी थाना प्रभारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया गया।