दूसरी ओपन मेरिट से पहले दिन हुए 54 दाखिले
शामली। डिग्री कॉलेजों में यूूजी ट्रेडिशनल कोर्स में चल रही दाखिला प्रक्रिया में अब यूनिवर्सिटी ने दूसरी ओपन मेरिट जारी की है। पहले दिन कॉलेजों में केवल 54 दाखिले हो पाए। अभी भी जिले के चार कॉलेजों में सभी संकायों में 354 सीटें खाली है। दाखिले 26 अगस्त तक जारी रहेंगे।
यूजी ट्रेडिशनल कोर्स में खाली सीटों के चलते यूनिवर्सिटी ने अब बुधवार को दूसरी ओपन मेरिट जारी की है। जनपद के चार कॉलेजों में सभी संकायों में 408 सीटें खाली रह गई थी, जिसके बाद बृहस्पतिवार को दूसरी जारी की गई ओपन मेरिट से दाखिला प्रक्रिया प्रारंभ हुई, जिसके दाखिले 26 अगस्त तक होंगे। पहले दिन जनपद के चार राजकीय और एडेड कॉलेजों में केवल 54 दाखिले हुए। इसके बाद भी कॉलेजों में 354 सीटें खाली रह गई है, जिसमें विजय सिंह पथिक कॉलेज कैराना में बीए में 54, बीकॉम में 23, बीएससी बायो में आठ और गणित में 16 सीटें खाली है। वीवी पीजी कॉलेज शामली में बीए में 88 व बीकॉम में 66 सीटें खाली है।
राजकीय बालिका कॉलेज कांधला में बीए में 18, बीएससी बायो में 10, गणित में 21 और आरके पीजी कॉलेज शामली में बीकॉम में 39, बीएससी बायो में एक, गणित में कोई सीट खाली नहीं है। सांख्यिकी में सात और बीएससी कृषि में केवल तीन सीटें बची हुई है। कॉलेजों के प्राचार्य ने बताया कि दाखिले बीकॉम कुछ सीटें खाली हैं, जबकि अन्य संकायों में ज्यादातर सीटें एससी और एसटी की खाली हैं। वहीं, बीए में वीवी पीजी कॉलेज में गणित को छोड़कर सभी विषय की सीटें भर गई हैं।