तनख्वाह मांगने पर युवक को पीटा
कैराना(शामली)। दुकानदार से तनख्वाह मांगने पर युवक को पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित युवक ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कस्बा कैराना के मोहल्ला बेगमपुरा निवासी साहिल ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह छह साल से शामली के हनुमान टिल्ले के पास एक मिठाई की दुकान पर 9000 रुपये प्रतिमाह पर नौकरी करता था। दुकानदार पर 11 महीने के 99000 रुपये हो गए थे। हिसाब-किताब होने पर दुकानदार पर उसके 50,000 रुपये बकाया रह गए। चार माह पूर्व दुकानदार ने उसको नौकरी से हटा दिया। बृहस्पतिवार को जब वह पुराने बाईपास से जा रहा था, तभी बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया तथा उसके साथ मारपीट कर दी। आरोप कि दुकानदार से रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है।