गरीबी मुक्त होंगे जिले के 42 गांव
शामली। केंद्र सरकार की ओर से मिशन अंत्योदय के तहत जिले के 42 गांव गरीबी मुक्त होंगे। गांवों का चयन कर लिया गया है। इसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने समस्त जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर मिशन अंत्योदय योजना की गाइड लाइन भेजकर गांव चिह्नित कराने का निर्देश दिया है। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी और जिला विकास अधिकारी ने सात बिंदुओं के आधार पर शामली जिले के 42 गांवों को अंत्योदय मिशन के तहत चिह्नित कर लिया है। जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार ने बताया कि योजना के संबंध में बजट अभी नहीं मिला है। मिशन अंत्योदय में शामिल 42 गांवों में सर्वेक्षण किया जाएगा। हालांकि शासन ने दो अक्तूबर तक गांवों को विकसित करने का समय दिया है, लेकिन इतने कम समय में यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा है कि गांवों को विकसित करने की कार्य योजना 31 मार्च 2018 तक पूर्ण कर ली जाएगी।
इन योजनाओं के तहत विकसित होंगे गांव
मिशन अंत्योदय के तहत गांवों में केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं प्राथमिकता के आधार पर लागू की जाएंगी। जिला पंचायत राज विभाग गांव में स्वच्छता कार्यक्रम कराएगा, समाज कल्याण विभाग पेंशन, जिला कार्यक्रम विभाग बच्चों को कुपोषित होने से बचाने के लिए टीकाकरण, स्वास्थ्य विभाग गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण कार्यक्रम, जिले के सभी बैंक गांवों में मौजूद पुरुषों- महिलाओं के खाते खुलवाकर लाभान्वित करेंगे।
शामली के चयनित गांव
मिशन अंत्योदय योजना में चयनित 42 गांव आदमपुर, कासमपुर, बुटराड़ी, खेड़ीकरमू, बरलाजट, काबड़ौत, मुल्लापुर, महावतपुर, ख्यावड़ी, दखौड़ी जमालपुर, गौसगढ़, मादलपुर, मोरमाजरा, जाफरपुर, पल्ठेड़ी, बीनड़ा, कंडे़ला, ऐरटी, झाड़खेड़ी , जंधेड़ी, जगनपुर, मन्ना माजरा, टिटौली, भोगीमाजरा, श्यामली श्यामला, चौसाना जदीद, नाई नंगला-सकौती, भाटू, दुल्लाखेड़ी, हरसाना, रज्जाकनगर, पीरखेड़ा, खेड़की, जैनपुर छतैला, सांपला, मुंडेट खादर, आल्दी ,गुर्जरपुर, डांगरौल, सल्फा, मतनावली और भारसी गांव शामिल हैं।