शामली। जिले में सैटेलाइट के माध्यम से 6 और पराली जलाने के मामलों की सूचना कृषि विभाग के अधिकारियों को प्राप्त हुई, जिनमें से किसी भी स्थान पर पराली जलाने की पुष्टि नहीं हो सकी।
कृषि उपनिदेशक प्रमोद कुमार और जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि अब तक जिलेभर में 17 पराली जलाने के मामलों की सूचना सैटेलाइट के माध्यम से मिल चुकी है, जिनमें से तीन मामलों में ही पराली जलाने की पुष्टि हुई है। वहीं सात जगह कूड़ा जलता मिला, जबकि अन्य मामलों की पुष्टि नहीं हो सकी। अब छह मामलों की सूचना कैराना, शामली में मिली है। जांच कराई जा रही है। कहा कि पराली जलाने पर सैटेलाइट से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। दो एकड़ से कम में पराली जलाने पर 2500 व इससे अधिक में 5000, पांच एकड़ से अधिक में 15 हजार रुपये तक के जुर्माने का नियम है।