शामली। जिले में सभी 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में चिकित्सकों ने 578 मरीजों की जांच कर उपचार दिया। स्वास्थ्य मेले में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के 77 गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
शासन के निर्देश पर ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ दिलाने के उद्देश्य से हर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाता है। इस बार भी जिले के सभी 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मेले आयोजित किए गए। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में 29 चिकित्सकों और 133 पैरा मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। मेले में 211 पुरुष, 274 महिला और 83 बच्चों समेत कुल 568 की जांच कर उपचार दिया गया। सभी मरीजों को दवा उपलब्ध कराई गई। कोई मरीज गंभीर बीमारी का नहीं आया। सभी मरीज सामान्य बीमारी नजला, जुकाम व खांसी आदि के रहे। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य मेले के दौरान आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के 77 गोल्डन कार्ड भी बनाए गए। सबसे कम छह मरीज फुगाना पीएचसी पर आए जबकि सबसे अधिक 29 मरीज एलम पीएचसी पर पहुंचे।
34 मरीजों की हुई जांच
चौसाना। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौसाना पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में करीब 34 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें दवा उपलब्ध कराई गई। जिसमें गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की भी जांच की गई। उन्हें आयरन फोलिक एसिड की दवाई वितरित की गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की चलाई जा रही तमाम योजनाओं के बारे में मेले के माध्यम से मरीजों व तीमारदारों को जानकारी दी गई। साथ ही पीएचसी पर आयोजित मेले के दौरान 32 लोगों को कोरोनारोधी टीका भी लगाया गया। फार्मासिस्ट मोहम्मद बारीक ने बताया कि मेले में चिकित्सकों के साथ अन्य स्टाफ ने पूरी मुस्तैदी के साथ लोगों के स्वास्थ्य जांच करने के साथ उन्हें दवाएं भी मुहैया करा रहा है। आरोग्य स्वास्थ्य मेले के दौरान डा प्रदीप,एलटी तेजवीर ,विपिन कुमार डॉ. दीपिका, आशा भी उपस्थित रही।