कैराना। व्यापारी से फोन पर बैटरी इनवर्टर खरीदने के नाम पर ठग ने फोन पे पर रकम भेजने के बजाय चार बार में डिमांड रकम का वॉलेट भेज कर 54600 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को पालिका मार्किट के पास बैटरी इनवर्टर, सोलर सिस्टम की दुकान करने वाले जुनैद आलम ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे उसके मोबाइल फोन पर कॉल आई। फोन करने वाले ने अपने आपको कैराना के चौक बाजार में रहने वाला फौजी बताते हुए बैटरी इनवर्टर के दाम पूछे। उसने दोनों सामान 15 हजार 800 रुपये के बताये। फोन करने वाले ने कहा कि वह बाहर गया हुआ है। फोन पे पर वह 15800 रुपये भेज रहा है। इसे रिसीव कर लेना। उसके बाद उसके फोन पे पर 15800 का वॉलेट आया। उसने रिसीव किया तो व्यापारी के खाते से 15800 रुपये निकल गए। उसने दोबारा फोन करके पैसे वापस जाने की बात कही तो आरोपी ने दोबारा भेजने की बात कही तथा पुन: 15800 का डिमांड वॉलेट भेज दिया। उसे भी रिसीव करने पर दोबारा 15800 रुपये निकल गए। उसके बाद 20 हजार और तीन हजार रुपये भी इसी तरह निकाल लिए। आरोनी ने बाद में फोन रिसीव करना बंद कर दिया। इस मामले में व्यापारी ने थाने में तहरीर दी है। मामले की जांच साइबर क्राइम शाखा को दे दी गई है।