अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन। एसीएमओ डाक्टर अशोक हांडा ने टीम के साथ कस्बे के चार क्लीनिकों पर छापेमारी की। कागजात न मिलने पर एक क्लीनिक को सील कर दिया जबकि तीन अन्य को नोटिस जारी किए। इस छापेमारी से कस्बे में हड़कंप मच रहा।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे एसीएमओ डाक्टर अशोक हांडा स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ कस्बे में पहुंचे। उन्होंने कस्बे के जनता क्लीनिक पर छापा मारा। मौके पर डॉक्टर नहीं थे। टीम ने वहां मौजूद असिस्टेंट से क्लीनिक से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह कोई कागज नहीं दिखा पाए। इस पर टीम ने क्लीनिक को सील कर दिया। एसीएमओ ने बताया कि इस क्लीनिक संचालिका के पति ने कुछ दिन पूर्व जिलाधिकारी को शिकायत की थी। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद ही क्लीनिक की जांच की गई। इसके अलावा टीम ने हिंद पैथेलॉजी, फैज क्लीनिक और शिफा क्लीनिक पर जांच की। इन क्लीनिकों के संचालक भी अधिकारियों को लाइसेंस व अन्य कागज नहीं दिखा पाए। इसके बाद टीम ने सभी को नोटिस जारी करते हुए दो दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए है। एसीएमओ अशोक हांडा ने बताया कि यदि समय से जवाब नहीं मिलता है नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।