अमर उजाला ब्यूरो
शामली। चैत्र दुर्गा नवरात्र छह अप्रैल से शुरू हो रहे हैं, जिसको को लेकर बाजारों में भी चहल पहल बढ़ गई। महिलाओं ने कलश, नारियल और मां दुर्गा के शृंगार का सामान खरीदना शुरू कर दिया है।
शनिवार को सुबह 4.12 बजे से मां की पूजा अर्चना और घट स्थापना शुरू हो जाएगी। सुबह 7.21 बजे पर पंचक समाप्त होने के बाद घट स्थापना का विशेष मुहूर्त है। सप्तमी-अष्टमी 12 अप्रैल को मनाई जाएगी। 12 अप्रैल शुक्रवार को अष्टमी 1.27 बजे से 13 अप्रैल को दोपहर 11.45 बजे तक रहेगी। तत्पश्चात 13 अप्रैल शनिवार और रविवार सुबह 9.48 बजे तक रहेगी। श्री हनुमानधाम के पंडित प्रभु शंकर शास्त्री ने बताया कि रामनवमी शनिवार को दुर्गाष्टमी के दिन मनाई जाएगी। चैत्र दुर्गा नवरात्र व्रत का परायण 14 अप्रैल को सुबह विधि विधान के साथ पूजन अनुष्ठान के साथ होगा। इसके अलावा नवरात्र व्रत की तैयारियों को लेकर बाजारों में श्रद्धालुओं द्वारा दुकानदारों से मां का मुकुट, चुनरी, नारियल, मालाएं व पूजा व्रत सामग्री खरीदना शुरू का दिया है। शहर के अजुध्या चौक, बड़ा बाजार, गांधी चौक, नया बाजार, धीमानपुरा, माजरा रोड, रेलवे रोड, हनुमान रोड, नेहरू रोड, फव्वारा चौक, कैराना, दिल्ली रोड, बुढ़ाना रोड, वीवी इंटर कालेज रोड पर मां के व्रत के सामान- पूजा सामग्री के लिए दुकानें सज गई हैं। शहर के गांधी चौक के दुकानदार अरुण कुमार ने बताया कि मां दुर्गा के व्रत के लिए नारियल 30 रुपये से लेकर 35 रुपये, चुनरी पांच रुपये, माता का मुकुट दस रुपये से लेकर 20 रुपये तक, माला 10 रुपये से लेकर 20 रुपये, माता का शृंगार का सामान, किरयाना की दुकान पर व्रत का आटा, चौलाई, धूपबत्ती, अखंड ज्योति की बत्ती, देशी घी व व्रत की नमकीन आदि सामान की जमकर खरीद हो रही है।