शामली। शासनादेश के निर्देश पर जिले की कृषि विभाग की टीम ने फर्टीलाइजर की 19 दुकानों पर छापेमारी कर उर्वरकों के 17 नमूने लिए। अभियान के दौरान दुकानदारों में अफरातफरी मची रही। कैराना और कांधला में 27 फर्टीलाइजर अपनी दुकान बंद करके भाग निकले। जिन्हें नोटिस जारी करके जवाब तलब किया जाएगा।
बुधवार को शासन के निर्देश पर डीएम अखिलेश कुमार सिंह ने जिले की कृषि विभाग की टीम गठित करके फर्टीलाइजर की दुकानों पर छापेमारी अभियान चलाया। शामली तहसील में एसडीएम सदर प्रशांत भारती और जिला कृषि अधिकारी डॉक्टर हरीशंकर, कैराना में एसडीएम अमित पाल व भूमि संरक्षण अधिकारी डॉक्टर नीरजा सिंह, ऊन तहसील में एसडीएम केपीएस तोमर व जिला कृषि रक्षा अधिकारी विकास मलिक के नेतृत्व छापा मारा। जिला कृषि अधिकारी डॉक्टर हरीशंकर सिंह ने बताया कि कुल 19 दुकानों पर छापेमारी कर ऊन में चार, कैराना में चार, शामली तहसील में नौ नमूने लेकर प्रयोगशाला में भेज दिए हैं। कैराना और कांधला में 27 दुकानें बंद होने पर नोटिस जारी करके जवाब तलब किया गया है। शामली शहर में वीवी इंटर कालेज रोड, गन्ना विकास समिति कार्यालय व बुटराड़ा में छापेमारी अभियान चलाया गया।