गलती से दूसरी बाइक ले जाने पर मचा चोरी का शोर
शामली।
शहर में वर्मा मार्केट के पास से एक युवक दूसरे व्यक्ति की बाइक ले गया, जिससे बाइक चोरी का शोर मच गया। बाइक मालिक ने पास की दुकान पर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी। इसी दौरान युवक बाइक लेकर आ गया। बाइक चोरी के आरोप को लेकर हंगामा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई। बाद में उसको छोड़ दिया गया।
सोमवार शाम शहर में वर्मा मार्केट के एक दुकानदार की बाइक गायब हो गई। दुकानदार अपनी बाइक तलाशने लगा और फिर पड़ोसी की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी। उसमें एक युवक बाइक ले जाता हुआ दिखाई दे रहा था। इसके कुछ देर बाद ही युवक उसी बाइक को लेकर वापस वर्मा मार्केट पर पहुंचा और दुकान के बाहर बाइक खड़ी करके जाने लगा। इस पर दुकानदार ने युवक को पकड़ लिया और बाइक चोरी का आरोप लगा दिया। युवक कहने लगा कि मैंने बाइक चोरी नहीं की, बल्कि भूलवश दूसरी बाइक ले गया था। इसके बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। तभी सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। आरोप है कि युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता कर दी, जिस पर युवक को पुलिस अपने साथ थाने ले गई। बाद में मामले में समझौता हो गया।