रिम-धुरा उद्योग के लिए विख्यात शामली को अब प्रदेश सरकार की तरफ से बढ़ावा मिलेगा। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना के तहत शामली के रिम-धुरा उद्योग को भी चुना गया है। 24 जनवरी को यूपी दिवस के मौके पर लखनऊ में लगने वाली प्रदर्शनी में शामली का रिम धुरा का स्टॉल भी लगाया जाएगा। इसके लिए जिला उद्योग केंद्र की तरफ से शामली के दो उद्यमियों का चयन कर लिया गया है।
प्रदेश सरकार ने उद्योगों को बढ़ावा देने और हर जिले के प्रमुख उद्योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडेक्ट योजना बनाई। इसके तहत हर जिले से प्रमुख उद्योग को चुना गया। इसमें शामली से रिम धुरा, तो मुजफ्फरनगर से गुड़, सहारनपुर से वुड कार्विंग और मेरठ से स्पोर्ट्स गुड्स को चुना गया। इसी के चलते 24 जनवरी को यूपी दिवस के अवसर पर लखनऊ में अवध शिल्प ग्राम में प्रदर्शनी लगाई जा रही है, जिसमें प्रदेश भर के 75 जिलों से प्रमुख और विख्यात उत्पाद के स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रदेश सरकार के इस प्रयास से रिम -धुरा उद्योग से जुड़े उद्यमियों में खुशी का माहौल है।
जिले में संचालित हैं करीब 25 इंडस्ट्री
रिम-धुरा और एक्शल के लिए शामली का नाम मशहूर है। इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन शामली चैप्टर के चेयरमैन वेदप्रकाश आर्य ने बताया कि शामली में रिम-धुरा की करीब 25 इंडस्ट्री स्थापित हैं। यहां निर्मित रिम धुरा देशभर में सप्लाई होता है, जिसके चलते शामली की रिम धुरा के नाम से अलग ही पहचान है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में प्रदर्शनी में शामली के रिम धुरे का स्टॉल लगने से उद्योग को और बढ़ावा मिलेगा।
इन दो इंडस्ट्री के रिम धुरा की लगेगी स्टॉल
लखनऊ में लगने वाली प्रदर्शनी में शामली निवासी तरुण जैन की सुदर्शन व्हील्स और दिनेश धीमान की सम्राट एग्रो इंडस्ट्री को शामिल किया गया है। इन दोनों इंडस्ट्री के रिम धुरे लखनऊ ले जाए जाएंगे। वहां 24 जनवरी को प्रदर्शनी में इनकी स्टॉल लगेगी। उद्यमी तरुण जैन और दिनेश धीमान का कहना है कि हर जिले के प्रमुख उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने का प्रदेश सरकार का निर्णय सराहनीय है। इससे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
--- उद्यमियों ने की सराहना
एडीवी (एनिमल ड्राइवन व्हीकल) रिम धुरा एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण जैन का कहना है कि वैसे तो लंबे समय से शामली का रिम धुरा अपनी अलग ही पहचान रखता है, लेकिन सरकार के स्तर से इस उद्योग को पहचान दिलाया जाना प्रशंसनीय है। वहीं, करियर व्हील्स के संचालक आलोक जैन का कहना है कि प्रदेश सरकार ने अच्छा कदम उठाया है। उद्योगों को पहचान दिलाने के साथ ही सहूलियत भी मिलें, तो और बेहतर होगा।
--- वर्जन ---
जिला उद्योग केंद्र के सहायक आयुक्त दीपेंद्र कुमार ने बताया कि 24 जनवरी को यूपी दिवस पर लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में प्रदेश भर के 75 जिलों से प्रमुख उत्पाद की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उसमें शामली से रिम धुरा, मुजफ्फरनगर का गुड़, मुरादाबाद का पीतल, सहारनपुर का वुड कार्विंग और मेरठ के स्पोर्ट्स गुडस की प्रदर्शन होगी।
-