9वीं, 11वीं के पंजीकरण एक अक्तूबर तक कराएं
शामली। जनपद के सभी स्कूल, कॉलेज में अध्ययनरत कक्षा 9 और 11 वीं के छात्र-छात्रा अपना पंजीकरण फॉर्म एक अक्तूबर तक भर सकते हैं। सभी विद्यार्थी पंजीकरण होने के बाद ही कक्षा 10 और 12 की 2019 में होने वाली बोर्ड परीक्षा में आवेदन कर सकेंगे।
बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक एसएम सिद्दीकी ने जनपद के 95 स्कूल, कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को यह निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी प्रधानाचार्य पंजीकरण आवेदन परिषद की वेबसाइट पर कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिन कॉलेजों ने परिषद परीक्षा 2019 के लिए नवीन मान्यता प्राप्त को यूजर आईडी और पासवर्ड जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से दिया जाएगा, बाकी सभी कॉलेज पुराने के पुराने यूजर आईडी पासवर्ड ही रहेंगे।
उन्होंने बताया कि सभी कॉलेज एक अक्तूबर तक प्रति छात्र 50 रुपये शुल्क की दर से चालान के माध्यम से कोषागार में जमा कर छात्र-छात्राओं के पंजीकरण की सूचना परिषद की वेबसाइट पर रात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन अपलोड करें। 2 से 10 अक्तूबर तक सभी कॉलेज पंजीकृत विद्यार्थियों का भरा गया पूरा विवरण का मिलान कर सकता है। 11 से 20 अक्तूबर तक ऑनलाइन अपलोड किए गए छात्र छात्राओं के विवरण में कमी होने पर संशोधन कर बदलाव कर सकता है। जिसके बाद कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी कॉलेजों को 25 अक्तूबर तक पंजीकृत विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली, कोषपत्र की एक प्रति क्षेत्रीय कार्यालय और दूसरी प्रति डीआईओएस कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए हैं।