शामली। एक महीना पहले पानीपत के धागा व्यापारी ललित जैन के मुनीम अनिल नरवाल से 32 लाख रुपये लूट की घटना में शामिल आरोपी राहुल पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। घायल के कब्जे लूट के दो लाख रुपये, बिना नंबर की बाइक, तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा बरामद हआ है।
तीन जून की शाम को हरियाणा के पानीपत स्थित शंकर सपनटैक्स के मुनीम अनिल नरवाल निवासी कहलपा थाना बरोदा जिला सोनीपत हरियाणा मेरठ से क्लेक्शन कर कार से चालक सतनाम सिंह के साथ पानीपत लौट रहे थे। सिंभालका बाईपास के निकट भारत सरकार स्टीकर लगी बुलेरो और वैगनआर कार सवार चार बदमाशों ने जीएसटी अधिकारी बताकर 32 लाख रुपये से भरा बैग, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड लूट लिया था।
एक सप्ताह बाद पुलिस ने इस घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपी मोहित और शुभम उर्फ गौरव निवासी गांव भेड़ापुर थाना चांदीनगर जिला बागपत को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था जबकि लूट की साजिश के आरोप में गुलशन मीणा निवासी सेक्टर चार वैशाली थाना कौशांबी गाजियाबाद, रवि और अमरजीत निवासी बंथला थाना लोनी गाजियाबाद को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से दस लाख रुपये, दो तमंचे, कारतूस आदि बरामद हुए। इस घटना के मास्टमाइंड बाेबी व सागर निवासी भेड़ापुर जिला बागपत, राहुल निवासी शालीमार गार्डन गाजियाबाद और रोहन निवासी खैला थाना चांदीनगर बागपत पुलिस की पकड़ में नहीं आए थे। उनकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं।
एसपी ने बताया कि डीआईजी स्तर से राहु ल पर 50 हजार रुपये का इनाम घाोषित था। इस घटना में शमिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई है।
राहुल बना था जीएसटी अधिकारी
एसपी के मुताबिक लूट के लिए बनाई योजना के अनुसार बदमाशों ने भारत सरकार का स्टीकर लगी बुलेरो को सिंभालका बाईपास के निकट हाईवे पर किनारे खड़ा किया और दूसरी वैगनआर कार को उसके पास रोककर यह दिखाने की कोशिश की कि वे इस कार की जांच कर रहे हैं। राहुल जीएसटी अधिकारी बना था। जैसे ही मुनीम की कार आई तो उसे भी चेकिंग के लिए रोका गया और लूट की घटना की।