शामली। कोरोना के बाद होली का उत्साह इस बार काफी बढ़ा है। बाजार होली के लिए सज चुके हैं और ग्राहक बड़ी संख्या में खरीदारी करने को पहुंच रहे हैं। सुबह से देर रात तक खरीदारी जारी रहती है। इस बार अच्छा कारोबार होने की संभावना से व्यापारी भी खुश हैं। इस बार होली पर जिले में रंग-गुलाल और पिचकारी का 10 करोड़, कपड़ों का 15 करोड़ और मिठाई व किरयाना आदि पर का करीब 25 करोड़ का कारोबार होने की संभावना है।
10 करोड़ का रंग-गुलाल और पिचकारी बिकने के आसार
होली पर करीब 10 करोड़ का रंग-गुलाल और पिचकारी का कारोबार होने की संभावना जताई जा रही है। पिछले साल कोरोना की वजह से होली पर रंग-गुलाल और पिचकारी की अधिक बिक्री नहीं हुई थी। लेकिन इस बार दुकानों पर अच्छी-खासी भीड़ दिखाई दे रही है। दुकानदार नीरज तायल के मुताबिक रंग और गुलाल की कई वैरायटी बाजार में उपलब्ध हैं। पिचकारी, मास्क और टोपी भी विभिन्न तरह की हैं। जिन्हें बच्चे पसंद कर रहे हैं। करीब 10 करोड़ का कारोबार होने के आसार हैं।
कपड़ा बाजार में भी बढ़ी भीड़
होली पर्व को लेकर कपड़ा बाजार में भी भीड़ बढ़ गई है। महिलाओं ने साड़ियों की खरीदारी शुरू कर दी है। व्यापारी अनिल कुमार ने बताया कि सिल्क और डिजाइनर साड़ी महिलाएं पसंद कर रही हैं। इसके साथ ही गर्मी के कपड़े भी लोग खरीद रहे हैं। युवा होली पर कुर्ता पायजामा पहनना अधिक पसंद करते हैं। जिसकी खरीदारी शुरू हो गई है, उम्मीद है इस बार होली पर कपड़ों का करीब 15 करोड़ कारोबार हो जाएगा।
गुझिया की खुशबू से महक रही दुकानें
होली पर रंगों के साथ मिठाई की बिक्री भी जमकर होती है। मिठाई की दुकानें गुझिया की खुशबू से दुकानें महकने लगी हैं। पेड़ा, बर्फी, लड्डू और रसगुल्ले की मांग भी है। गोले और खांड के खिलौने से दुकानें सजी हैं। जिनकी जमकर बिक्री हो रही है। किरायाना की दुकानों पर भी होली की तैयारी के लिए लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। मिठाई और किरयाना की दुकानों पर कुल मिलाकर 25 करोड़ का कारोबार होने की संभावना है।
कोरोना की मार से उबर रहे व्यापारी
पउप्र संयुक्त व्यापार उद्योग मंडल के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग का कहना है कि पिछली बार होली पर्व पर कोरोना के चलते व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ था। इस बार हालात ठीक हैं। व्यापारी नुकसान से उबर जाएंगे। उन्होंने बताया कि होली पर तीन-चार दिन में करीब 50 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है।
चाक चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
शामली। कलक्ट्रेट के सभागार में डीएम जसजीत कौर ने होली और शब-ए-बरात पर्व के अवसर पर कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए बैठक की। डीएम ने कहा कि होली भाई-चारे का त्यौहार है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इस अवसर पर हुड़दंग कर शांति भंग करते हैं। जिससे त्योहार में खलल पड़ने से माहौल खराब हो जाता है। सभी को इससे बचना है और कहीं पर कोई भी समस्या हो उसके लिए तत्काल पुलिस- प्रशासन को सूचित करना है। एसएसपी सुकीर्ति माधन ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं। जिले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और गश्त लगातार होगी।
साफ-सफाई और विद्युत को लेकर निर्देश
डीएम ने साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अलावा ने विद्युत विभाग को आपूर्ति निर्बाध रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा अस्पतालों में जिनकी ड्यूटी है वह मुस्तैद रहें। खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दृष्टिगत बड़े गांव एवं कस्बों में सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम शामली संतोष कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शामली, समस्त एसडीएम, सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी व विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।