शामली। जिले में कोरोनारोधी वैक्सीन का टीकाकरण अभियान में लक्ष्य के सापेक्ष 49.27 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। 4100 के लक्ष्य के सापेक्ष 2020 लोगों को कोरोनारोधी टीके लगाए गए।
शनिवार को जिले में 49 बूथों पर टीकाकरण किया गया। इनमें रेलवे अस्पताल, कुड़ाना सीएचसी, भैंसवाल, बुटराड़ा, बहावड़ी, सिलावर, बलवा, सिंभालका और पीएचसी बनत में टीके लगाए गए। सीएचसी शामली व महिला पॉलिटेक्निक समेत 42 बूथों पर टीके लगे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके सागर ने बताया कि सभी 49 बूथों पर 4100 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया, जिनमें 1773 ने पहली डोज का टीका लगवाया। जबकि 247 लोगों को दूसरी डोज के टीके लगे हैं। कुल 2020 लोगों को टीके लगाए गए। इस तरह से जिले में लक्ष्य के सापेक्ष 49.27 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। टीकाकरण में 205 वॉयल खर्च हुईं।
उधर, ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक अतुल गर्ग ने बताया कि कैराना सीएचसी पर आठ लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन के टीके लगाए गए। पावटी कला में 60, कसेरवा खुर्द में 69, पंजीठ में 20, खुरगान में नौ, तीतरवाडा में आठ, बुच्चाखेड़ी में 19 व उंचागांव में दस लोगों को कोरोनारोधी टीके लगाए गए। उधर, गढ़ीपुख्ता कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 30 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। 27 लोगों को पहली और तीन को दूसरी डोज लगाई गई। इस दौरान फार्मेसिस्ट संजीव मित्तल, स्टाफ नर्स मदीहा तनवीर, आशा कार्यकर्ता शिवानी शर्मा आदि मौजूद रहे।