शामली रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियो की भीड़ । संवाद
शामली। जनपद में 12 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को अवर अभियंता सिविल की मुख्य परीक्षा कड़ी चौकसी के बीच आयोजित कराई गई। बायोमेट्रिक के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश दिया गया। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए पुलिस व प्रशासन ने प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा के कडे इंतजाम किए। सभी केंद्रों पर 4263 परीक्षार्थियों ने कड़ी निगरानी में परीक्षा दी।
सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थी अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए। इसके बाद शिक्षकों ने अभ्यर्थियों की तलाशी ली। बायोमेट्रिक जांच कर परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थी दाखिल होने लगे। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले ही मुख्य गेट बंद कर दिया गया। परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक चली। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती रही। कंट्रोल रूम से भी केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई।
एडीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर 5133 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे, इनमें से 4263 ने परीक्षा दी और 870 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह, डीएम आलोक कुमार आदि अधिकारियों ने भी केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया।