शामली। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के पांचवें दिन 42 हजार कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। सोमवार को सहारनपुर मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक अहिबरन सिंह ने शामली में आरके इंटर कॉलेज में बनाए गए यूपी बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण करके दिशा निर्देश दिए।
मूल्यांकन केंद्र पर कन्नड़ भाषा की 25-30 उत्तर पुस्तिकाएं पहुंची हैं। यहां पर उत्तर पुस्तिकाओं के जांचने के लिए परीक्षक नहीं मिलने से वापस यूपी बोर्ड को भेजी जा रही है।
सोमवार को आरके इंटर कॉलेज में बनाए यूपी बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन केंद्र का सहारनपुर मंडल के संयुक्त निदेशक अहिबरन सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने मूल्यांकन केंद्र की व्यवस्था को संतोषजनक मानते हुए परीक्षकों को उत्तर पुस्तिकाओं की बाई ओर नबंर साफ -साफ दिए जाने को कहा है।
उन्होंने परीक्षकों को कुल नंबरों को सही प्रकार से चेक करने करने के निर्देश दिए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं के हर प्रश्नों के अंकों को चेक करे। जिससे छात्र-छात्राएं प्रभावित न हों। ब्लैक अवार्ड सही प्रकार से भरें। चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक एस एन सिद्दीकी, मूल्यांकन केंद्र प्रभारी व आरके इंटर कालेज के प्रधानाचार्य लोकेंद्र सिंह मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि पांच दिन में हाईस्कूल की 21 हजार व इंटर की 21 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया है। वहीं, इसके अलावा उन्होंने बताया कि यूपी बोर्ड से कन्नड़ भाषा की 25-30 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन केंद्र पर आई है। कन्नड़ भाषा की उत्तर पुस्तिकाओं के परीक्षक नहीं मिलने से उस यूपी बोर्ड को वापस किया जा रहा है।
उधर, बिजनौर में मूल्यांकन केंद्रों पर अंकेक्षण के दौरान परीक्षकों की गलतियां मिल रही हैं। डीआईओएस ने जीजीआईसी केंद्र पर चार परीक्षकों की गलतियां पकड़ीं। पांचवें दिन भी केंद्रों पर परीक्षकों में बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। डीआईओएस ने एक मई को गैरहाजिर रहने वाले परीक्षकों का एक दिन का वेतन काट दिया है।