अमर उजाला ब्यूरो
शामली। मोर्चरी से लावारिस शव को रेहडे़ में दफनाने के लिए ले जाने के मामले को मुख्य चिकित्साधिकारी ने गंभीरता से लेते हए शव वाहनों के चालकों की 24 घंटे ड्यूटी पर रहने के साथ ही सीएचसी और पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी पर चालकों के मोबाइल नंबर लिखने के निर्देश दिए हैं।
बनत के निकट स्थित पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखे लावारिस शव को दफनाने के लिए शुक्रवार को रेहडे़ में ले जाया गया था। इस तरह खुले में शव ले जाने पर लोगों ने इसे गलत बताया था। अमर उजाला ने शनिवार के अंक में इस खबर को फोटो सहित प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर संजय भटनागर ने इसे गंभीरता से लिया। बताया कि जिले में दो शव वाहन उपलब्ध है, जो सीएचसी पर उपलब्ध रहते है। लावारिस शवों को लाने-ले जाने के लिए इन वाहनों का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इसकी जानकारी पुलिस या अन्य विभाग से मिलने पर यह सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। सीएमओ ने कहा कि उन्होंने शव वाहनों के चालकों को 24 घंटे ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए है। साथ ही सीएचसी और पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी पर चालकों के मोबाइल नंबर लिखने के निर्देश जारी कर दिए है।