अमर उजाला ब्यूरो
शामली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना में प्रथम चरण में जिले के 87 हजार 500 किसानों को लाभान्वित किया जाएगा। प्रधानमंत्री 24 फरवरी को योजना को लागू करेंगे। प्रथम चरण के किसानों के खाते में सम्मान राशि आनी शुरू हो जाएगी। फिलहाल डाटा फीड करने का काम दो दिन और चलेगा।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना में प्रथम चरण के लिए जिले के 65 हजार किसानों का अभी डाटा फीड हो चुका है। डाटा फीड करने का अभी मंगलवार और बुधवार दिन शेष है। दो दिन में सभी किसानों को डाटा फीडकर सरकार को भेज दिया जाएगा। एसडीएम सदर प्रशांत भारती ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना की विशेष सचिव अनूप चंद पांडे ने वीडियो काफ्रेंसिंग के माध्यम से योजना की समीक्षा की। शामली जिले के हर ब्लाक के लिए 17500 किसानों का शासन ने लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के तहत 65 हजार किसानों के डाटा अभी तक फीड हो चुके है। दो दिन में 15 हजार किसानों के डाटा फीड करके सूची सरकार को भेजी जाएगी। प्रथम चरण में शामिल किसानों को आगामी 24 फरवरी के बाद दो- दो हजार किसानों के खाते में धनराशि आजाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को गोरखपुुर से किसान सम्मान योजना को लागू करेंगे। उन्होंने किसानों अनुरोध किया है कि वह प्रथम चरण के लिए बैंक खाता, मोबाइल नंबर व आधार कार्ड समेत अन्य प्रमाण पत्र कृषि विभाग व कलक्ट्रेट में जमा करा दें।