राशन कार्ड में महिला के बना दिए दो पति
अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन। अत्याधुनिक तरीके से खाद्य सुरक्षा योजना को लागू करने के दावे करने वाले आपूर्ति विभाग की लापरवाही का एक मामला सामने आया है। अधिकारियों ने राशन कार्ड में एक महिला के दो पति बना दिए। अब पीड़ित परिवार राशन कार्ड में हुई गलती को ठीक कराने के लिए चक्कर काटा रहा।
मामला क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी का है। गांव निवासी अमित कुमार के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। तीन माह पहले आपूर्ति विभाग ने उनके राशन कार्ड का नवीनीकरण किया। अमित ने पत्नी और बच्चों के आधार कार्ड सहित पूरी जानकारी के साथ पत्नी गीता के नाम से आवेदन किया। मगर तीन माह बीतने के बाद भी उन्हें राशन कार्ड नहीं दिया गया। उन्होंने संबंधित राशन डीलर के यहां पता किया, लेकिन उनका सूची में नाम था ही नहीं। काफी तलाशने के बाद पता चला कि अधिकारियों ने गीता नाम का राशन कार्ड अब्दुल वली के स्थान पर अब्दुल अलीम की राशन की दुकान से संबद्ध कर बना दिया। जब उन्होंने वहां पहुंचकर कार्ड देखा तो पता चला कि पात्रता सूची के विवरण कॉलम में तो गीता के पति का नाम अमित ही दर्ज है। लेकिन, दूसरे सदस्यों के विवरण कॉलम में गीता के पति का नाम जाहिद दर्ज कर दिया। इतना ही नहीं, अमित के दो बच्चों के स्थान पर उनके बच्चे फिरोज, फाजिया, फैशल, नगमा और नबिया दर्ज कर दिया। जब स्थानीय अधिकारियों ने उनकी पीड़ा न सुनी तो बृहस्पतिवार को परिवार ने जिला आपूर्ति अधिकारी को शिकायत दर्ज कराई।
बृहस्पतिवार को यह शिकायत आई है। तुरंत कार्रवाई करते हुए कार्ड को दुरुस्त कराया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि किस स्तर पर यह लापरवाही हुई है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - अजय कुमार, जिला आपूर्ति अधिकारी