पीएसी कैंप की स्थापना के लिए चार स्थानों का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। कैराना-कांधला मार्ग के मध्य प्रस्तावित पीएसी कैंप की स्थापना के लिए अधिकारियों ने कवायद तेज कर दी है। पीएसी के लखनऊ मुख्यालय से आए डीआईजी ने ऊंचागांव, आल्दी व गुजर्रपुर गांव में चार स्थानों पर भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान आसपास सुविधाओं के बारे में जांच-पड़ताल भी की गई।
शनिवार को लखनऊ पीएसी मुख्यालय से पीएसी के डीआईजी दिनेशचंद दुबे ने मेरठ छठी वाहिनी पीएसी के कमांडेंट विरेंद्र कुमार मिश्रा के साथ कैराना-कांधला मार्ग पर स्थित ऊंचागांव, आल्दी व गुर्जरपुर में पीएसी कैंप की स्थापना को भूमि के चिह्नीकरण के लिए निरीक्षण पर पहुंचे। जहां उन्होंने आल्दी गांव में दो और बाकी दोनों गांवों में एक-एक स्थान पर भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान डीआईजी ने कैंप के आसपास की सुविधाओं के बारे में भी गहनता से जांच-पड़ताल की। चारों स्थानों की भूमि की वीडियोग्राफी भी कराई गई। तहसीलदार रनबीर सिंह ने बताया कि भूमि का स्थान चिह्नित करने के लिए निरीक्षण किया गया है। आल्दी गांव में दो स्थान, ऊंचागांव और गुर्जरपुर में एक-एक स्थानों पर भूमि स्थित हैं। पीएसी कैंप की स्थापना के लिए उसके आसपास की सुविधाओं तथा फायदों के बारे में भी पड़ताल की गई है। अभी भूमि के स्थान का चयन नहीं हुआ है। विदित रहे कि योगी सरकार ने कांधला के मध्य पीएसी कैंप की स्थापना कराए जाने का एलान शामली में लोकसभा उपचुनाव के दौरान आयोजित चुनावी जनसभा में किया गया था। एक दिन पहले भी मेरठ से पीएसी के अधिकारी भूमि के चिह्नीकरण करने के लिए पहुंचे थे। म