थानाभवन। नगर पंचायत द्वारा लाखों की कीमत से बनाए जा रहे नाले में नगर पंचायत के कुछ सभासदों ने घटिया सामग्री व मानक के अनुरूप निर्माण न करने का आरोप लगाकर डीएम शामली को शिकायत की गई थी। जिसके बाद एडीएम शामली ने थानाभवन पहुंचकर निर्माणाधीन नाले की जांच की।
नगर पंचायत थानाभवन के द्वारा रविदास मंदिर से बूढ़ा बाबू तालाब तक एक नाले का निर्माण कराया जा रहा है। जिस पर नगर पंचायत के ही कुछ सभासदों ने घटिया सामग्री व मानक के अनुरूप नाले का निर्माण न करने का आरोप लगाकर उच्च अधिकारियों को शिकायत की थी। शिकायत के बाद एडीएम शामली कुंवर बहादुर सिंह डीआरडीए के एई दिनेश सिंघल निर्माणाधीन नाले की जांच करने के लिए अचानक मौके पर पहुंच गए। जांच टीम की सूचना से ठेकेदार भी आ गए। संबंधित अधिकारी को निर्माणाधीन नाले की सामग्री के बारे में जानकारी दी। जांच के बाद जांच अधिकारी दिनेश सिंघल एई ने बताया कि प्रथम दृष्टया काम संतुष्टि पूर्ण लग रहा है, बाकी निर्माण के बाद पूरी तरह से मामले की जांच की जाएगी।