अमर उजाला ब्यूरो
शामली। दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग के अंडरपास में जलभराव होने की समस्या का कारण रेलवे अधिकारियों ने ढूंढ निकाला है। उनके मुताबिक रेलवे के अंडरपास में पानी की निकासी के लिए बने गड्ढों में मिट्टी भर जाने से वह ब्लाक हो गए। जिससे अंडरपास में पानी भरा और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग के दोहरीकरण के लिए पिछले चार साल से रेलवे फाटकों पर अंडरपास निर्माण काम चल रहा है। दिल्ली से शामली व सहारनपुर रेलवे मार्ग पर 149 रेलवे फाटक हैं। जिनमें 48 रेलवे फाटक पर गेट लगे हैं। 33 मानव रहित रेलवे फाटक हैं। 68 रेलवे फाटकों पर अंडरपास बन चुके हैं। दोहरीकरण के उद्देश्य से रेलवे निर्माण खंड द्वारा रेलवे अंडरपास का निर्माण कराया गया। मगर इनमें बारिश होने से जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक अंडरपास में पानी निकासी के लिए बनाए गए गड्ढों में पानी के साथ मिट्टी आ जाने से ब्लाक हो गए। कुओं में मिट्टी भर जाने से अंडरपास का पानी जमीन के अंदर नहीं गया, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। उधर रेलवे के सहायक मंडल अभियंता मौहम्मद आशिक ने बताया कि अंडरपास निर्माण के बाद यह पहली बारिश है। इस साल जलस्तर ऊपर आने से अंडरपास में जलभराव की समस्याएं आई है। अंडरपास से पानी निकासी पंप एक मात्र समाधान है। रेलवे विभाग से अंडरपास से पानी निकासी के दूसरे विकल्प का अध्ययन किया जा रहा है।
महत्वपूर्ण
- जलभराव होने से लोगों को उठानी पड़ी थी काफी परेशानी