कांधला। गांव डांगरोल में सरकारी हैंडपंपों से निकल रहे दूषित पानी का कोई समाधान न होने के कारण ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने हंगामा करते हुए दूषित पानी देने वाले हैंडपंपों को हटवाने की मांग जिलाधिकारी से की है।
गांव डांगरोल में कई वर्षों से कृष्णा नदी के प्रभाव से गांव के 50 से भी अधिक हैंडपंप दूषित पेयजल दे रहे है। इसनेे कई ग्रामीणों को हेपेटाइटिस सी और कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी ने अपने चपेट में ले लिया है। कई बार ग्रामीणों की मांग पर स्वास्थ्य विभाग ने कैंप लगाकर ग्रामीणों के रक्त की जांच की। इसमें अधिकांश ग्रामीण हेपेटाइटिस सी से ग्रसित पाए गये। सभी हैंडपंपों के सैंपल भी लिए गए। इसमें हैंडपंपों को पानी पीने योग्य नहीं पाया गया। ग्रामीण कई बार प्रशासन से दूषित हैंडपंपों को हटाने की मांग कर चुके है, लेकिन अफसर समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। मंगलवार को रालोद नेता राजन जावला के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एकत्रित होकर प्रशासन के विरुद्घ प्रदर्शन करते हुए गांव में दूषित पानी के हैंडपंपों को हटाने और साथ ही शुद्घ पेयजल मुहैया कराने की मांग की। इस दौरान राहुल, नाथी, सुलेमान, उमेद, देवेंद्र, इस्लाम, अंकित, दिनेश, सतेंद्र, भीम, बीरसैन सिंह आदि लोग मौजूद रहे।