जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं
कैराना। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण संबंधित विभाग के अधिकारी एक सप्ताह के अंदर समयबद्ध तरीके से करें। मौके पर पहुंचकर शिकायत का निस्तारण किया जाए। इसमें लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को कैराना तहसील के सभाकक्ष में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम इंद्र विक्रम सिंह और पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने शिकायतें सुनीं। इस मौके पर हारून निवासी तितरवाड़ा ने अवैध कब्जा हटवाने, रमेश निवासी जंधेडी ने खाद के गड्ढों पर कब्जा, तसव्वर निवासी अलीपुर ने सरकारी नल रिबोर कराने, प्रकाशा निवासी जंधेडी ने सरकारी तालाब की खुदाई कराने, फारूक निवासी गढ़ीदौलत ने फीस वृद्धि की शिकायत की। नगर के मोहल्ला आलकलां निवासी रहीस ने जर्जर विद्युत खंभों को हटवाने, नगर के मोहल्ला खैलकलां के गुलशन, जुबैदा आदि ने राशन वितरण कराने तथा गोगवान के लोगों ने कई माह से राशन नहीं मिलने की शिकायत की। तहसील दिवस में विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 59 शिकायतें आईं, जिनमें से मौके पर मात्र 5 शिकायती पत्रों का ही निस्तारण किया जा सके। शेष शिकायती पत्रों को डीएम ने अधीनस्थ अधिकारियों को प्रेषित कर उनके एक सप्ताह के अंदर निस्तारण करने के कडे़ निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य, तहसीलदार राकेश कुमार त्यागी, सीओ राजेश कुमार तिवारी के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।