कांधला (शामली)। कस्बे में श्री सुंदर कांड प्रचार संघ की ओर से मंगलवार रात्रि को पंजाबी धर्मशाला में श्री बालाजी महाराज का विशाल जागरण का आयोजन किया गया। आचार्य शशि भूषण शर्मा के द्वारा भगवान श्री बालाजी महाराज की पूजा अर्चना कर अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। पूर्व विधायक पंकज मलिक ने दीप प्रज्वलित कर जागरण का शुभारंभ किया।
जागरण में गुरुदयाल लक्खा के द्वारा गणेश वंदना व सरस्वती वंदना की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को गति प्रदान की गई। जिसके बाद उन्होंने संकट हरने वाले को हनुमान कहते हैं सहित कई सुंदर भजनों का गुणगान कर वातावरण धार्मिकमय कर दिया। कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान ने श्री बालाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान सुंदर कांड प्रचार संघ द्वारा दोनों मुख्य अतिथि को श्री बालाजी महाराज की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। तत्पश्चात भजन गायक पवन कपूर ने गुरु वंदना के साथ भगवान श्री राम, बालाजी महाराज के सुंदर भजनों का गुणगान किया। समिति के द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान पंडित राधेश्याम शर्मा, जय मोहन, ब्रिजेश शर्मा, संजीव गोयल, गुलशन खन्ना हिमांशु सेन राही, विनोद नामदेव, विजय शर्मा, सोनू नामदेव आदि मौजूद रहे।