सहारनपुर मंडल की अपर आयुक्त (प्रशासन) डाक्टर आभा गुप्ता ने ऊन तहसील कार्यालय में पहुंचकर निरीक्षण किया और लंबित फाइलों का त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया। वहीं, तहसील संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें ज्ञापन देकर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया।
सोमवार दोपहर अपर आयुक्त (प्रशासन) डाक्टर आभा गुप्ता ऊन तहसील कार्यालय पहुंची। उन्होंने तहसील स्तर पर भूमि विवाद सहित अन्य मामलों की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि लंबित फाइलों का निस्तारण तेजी से किया जाए। इस दौरान उपजिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह और तहसीलदार यदुवंश कुमार वर्मा से कहा कि तहसील में आने वाले फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापरक तत्परता से कराया जाए। उसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उधर, तहसील बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक तेजपाल गुर्जर और रवि सिरोही सहित अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन अपर आयुक्त को देकर क्षेत्र की दो बड़ी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा कि क्षेत्र में डिग्री कॉलेज नहीं है, जिस कारण उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए छात्र छात्राओं को दूर जाना पड़ता है। इसके अलावा काठा नदी सूखी पड़ी है, जिस कारण किसानों को फसलों की सिंचाई करने में दिक्कत होती है। उनकी मांग है कि काठा नदी में पानी छुड़वाया जाए।