परिषदीय स्कूलों में भी निखारे जाएंगे फुटबाल के खिलाड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
शामली।
बेसिक शिक्षा विभाग ने फुटबाल के खेल को बढ़ावा देेने के लिए बीड़ा उठाया है। विभाग की ओर से प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में लगभग 200 फुटबाल दिया गया है। अब परिषदीय स्कूलों के बच्चों को भी फुटबाल के खेलों में बढ़ावा मिलेगा।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से पिछले दिनों प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में क्रीड़ा प्रतियोगिता कराई गई थी। फुटबाल खेल की ओर परिषदीय स्कूलों के बच्चों का काफी कम रुझान नजर आया, जिसको देखते हुए ऑल इंडिया फेडरेशन की ओर से परिषदीय स्कूलों में खेलों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। बेसिक शिक्षा निदेशक की ओर से सभी मंडलीय सहायक निदेशक और बीएसए को पत्र भेजकर सभी परिषदीय स्कूलों में दो-दो फुटबाल वितरित करने का निर्देश दिया था। बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर ने बताया कि शिक्षा निदेशक का आदेश मिलने के बाद जिन विद्यालयों में खेल के लिए जगह और अच्छा मैदान है, उन सभी की खंड शिक्षा अधिकारियों से स्कूलों की सूची मांगी गई थी। सूची के अनुसार जनपद में लगभग 100 स्कूलों में खेल के मैदानों की स्थिति सही पाई गई, जिसके बाद सभी 100 परिषदीय स्कूलों में 200 फुटबाल का वितरण करा दिया गया है।
फरवरी-मार्च में हो सकती फुटबाल की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
पीटीआई सचिन का कहना है कि सभी स्कूलों में फुटबाल की अच्छी टीम तैयार की जाएगी और नियमित मैच कराया जाएगा। सप्ताह में कम से कम दो से तीन दिन फुटबाल खेल बच्चों को खिलाया जाएगा। फरवरी-मार्च में राज्यस्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता होगी। सभी जनपदों से अंडर 14 वर्ग की टीम प्रतिभाग करेंगी। इसलिए जनपद से राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए अच्छी टीम तैयार की जाएगी।