कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडे से दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने शामली और सहारनपुर जिले की समस्याओं के बारे में जानकारी दी।
बुधवार को दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के मंत्री केशव प्रसाद मौर्य से बताया कि मेरठ- करनाल मार्ग नेशनल हाईवे घोषित हो चुका है। फोरलेन बनने के बाद भी कृष्णा नदी पर काबड़ौत पुल संकरा छोड़ दिया गया है। आए दिन यहां सड़क दुघर्टनाएं होती रहती हैं। कृष्णा नदी पर नया पुल बनाया जाना चाहिए।
सांसद हुकुम सिंह ने कहा कि पानीपत खटीमा मार्ग के नेशनल हाईवे घोषित होने के बाद भी डीपीआर तैयार हो गई है, मगर अभी तक निर्माण शुरु नहीं हो पाया है। इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से वार्ता करके शीघ्र निर्माण कराने का आश्वासन दिया है। वहीं, सहारनपुर जिले में सरसावा ब्लाक के ग्राम आल्हनपुर और सीधेबांस को जोड़ने के लिए यमुना नदी पर नया पुल बनना भी जरूरी है। वहीं, सांसद हुकुम सिंह ने दिल्ली में ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे से मुलाकात कर आगामी निकाय चुनाव को लेकर चर्चा की।