किशोरी से गैंगरेप प्रकरण को लेकर कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह के विवादित बयान पर जमीयत उलमा ए हिंद ने एतराज जताया है। उनका कहना है कि सांसद ने ऐसा बयान देकर दो संप्रदाय के लोगों के बीच नफरत पैदा करने की कोशिश की है।
सोमवार को शामली में दिल्ली रोड स्थित मदरसा इस्लामिया इमदादिया रशीदिया में जमीयत उलमा ए हिंद के जिलाध्यक्ष मोहम्मद इकबाल की अध्यक्षता और मौलाना अय्यूब के संचालन में बैठक हुई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की घटना निंदनीय है। ऐसी हरकत करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, उन्होंने कहा कि सांसद हुकुम सिंह ने विवादित बयान देकर घटिया मानसिकता का परिचय दिया है। वक्ताओं ने कहा कि सांसद हुकुम सिंह पूर्व में भी विवादित बयान देकर माहौल भड़काने का कार्य कर चुके हैं। उनके ताजा बयान से भी दो धर्मों के बीच नफरत की दीवार खड़ी करने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान हाजी कुतबुद्दीन, मुफ्ती जाकिर, मौलाना शौकीन, मौलाना मोहसिन, कारी शमशाद, मुरसलीन कुरेशी, बिलाल, मौलाना राफे, नसीम, राशिद चौहान एडवोकेट, मौलाना नजाकत, मौलाना साजिद, मौलाना नसीम, कारी शमीम, मौलाना बरकतुल्ला, मुफ्ती इस्तेखार, मौलाना मजहर और कारी अफसरुन आदि मौजूद रहे।