भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने कहा है कि 2022 तक बदलाव का संकल्प तभी सार्थक होगा, जब आमजन की सोच बदलेगी। स्वच्छता लाने, भ्रष्टाचार, जातिवाद और आतंकवाद को मिटाने के संकल्प को पूरा करने के लिए दृढ़ता जरूरी है। इसके लिए जरूरी है कि लोग स्वयं इमानदारी से अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करें।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में भारत छोड़ो आंदोलन की 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिला पंचायत द्वारा आयोजित जिला स्तरीय पंचायत सम्मेलन ‘संकल्प से सिद्धि’ कार्यक्रम हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने कहा कि 1942 से भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई और 1947 में कामयाबी मिली। उसमें लोग दृढ़ संकल्पित होकर जुटे थे, तभी सफलता प्राप्त हुई। अब समय है कि स्वच्छता लाने, आतंकवाद, भ्रष्टाचार मिटाने के लिए संकल्प लेकर दृढ़ता से कार्य किया जाए। ग्राम प्रधानों से कहा कि आपको जनता ने चुना है, अगर आप जिम्मेदारी पूर्ण नहीं करते तो आप दोषी हैं।
देश-विदेश के इंजीनियरों द्वारा तैयार बड़े-बड़े प्रोजेक्ट चलते रहेंगे लेकिन जनांदोलन की शुरुआत गांव से ही होगी। ग्राम प्रधानों से कहा कि आपसी गुटबाजी छोड़कर गांव के विकास और स्वच्छता के लिए जुटें। ईमानदारों से देश का निर्माण होता है, बेईमानों से नहीं। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था में योजना लागू करने की सबसे पहली कड़ी ग्राम पंचायत हैं। आपको नीति बनाने और उन्हें लागू करने का अधिकार है। अब सरकार से कुछ मांगने का समय नहीं, बल्कि परिवर्तन के लिए अपना योगदान देने की आवश्यकता है। क्योंकि सरकार ने तमाम योजनाएं दी हैं, जिससे गांव और शहरों में बदलाव लाया जा सकता है।
सीडीओ रेनू तिवारी ने गांवों में कचरा प्रबंधन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गोबर को खुले में न डालकर गड्ढे में डाला जाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष देवी ने कहा कि जनांदोलन से ही देश बदलेगा। हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह स्वच्छता को बढ़ावा दे। उन्होंने कहा कि किसी पद पर रहूं या नहीं, जीवनभर देशहित के संकल्प के साथ कार्य करती रहूंगी। ऐसा ही संकल्प प्रत्येक देशवासी लेगा, तो 2022 से पहले ही देश बदलना तय है। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य चौधरी सुनील तोमर, देशराज भनेड़ा, अनुज चौहान, ग्राम प्रधान डाक्टर योगेंद्र सिंह, ठाकुर अनिरुद्ध सिंह, चांदवीर, विपिन कुमार, डॉक्टर सुधीर कुमार, डीपीआरओ नरेश चंद आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुभाष चंद मिश्रा ने किया।