डेरा सच्चा सौदा के एक हजार से ज्यादा अनुयायी शामली जिले के रहने वाले भी पंचकूला (पंजाब) गए हुए हैं। उनके परिवार के लोगों को अब चिंता हो रही है।
दरअसल, शामली जनपद में भी डेरा सच्चा सौदा के बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। शामली क्षेत्र में दिल्ली रोड पर बलवा गेट के पास डेरा सच्चा सौदा का नामचर्चा घर है, जबकि दूसरा नामचर्चा घर झिंझाना क्षेत्र के गांव सींगरा में है। पंचकूला की सीबीआई कोर्ट से संत गुरमीत राम रहीम को यौन शोषण के मामले में दोषी करार देने पर अनुयायियों में मायूसी छा गई। उधर, डेरा सच्चा सौदा के एक अनुयायी ने बताया कि अकेले कांधला क्षेत्र से ही करीब 300 अनुयायी पंचकूला रवाना हुए, जो दो दिन से अलग अलग साधनों से पंचकूला गए। इसके अलावा शामली, कैराना, झिंझाना, थानाभवन क्षेत्र से मिलाकर करीब एक हजार से ज्यादा अनुयायी पंचकूला जाने का अनुमान है।
अनुयायी ने बताया कि संत गुरमीत राम रहीम के प्रति आस्था के कारण ही अनुयायी पंचकूला गए। उन्होंने बताया कि सीबीआई कोर्ट ने जो भी फैसला सुनाया, उसको ऊपरी अदालत में चुनौती दी जा सकती थी, लेकिन उग्र आंदोलन करना गलत है। क्योंकि आगजनी और तोड़फोड़ के कारण समाज को ही नुकसान होता है।