शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 2021 के लिए शासन स्तर से जनपद के 41 परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी की गई है। पिछले साल जनपद में 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। कालेजों से 30 जनवरी तक आपत्तियां मांगी गई है। इसके बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा 2021 के लिए केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि अभी बोर्ड परीक्षा कब होगी, यह तय नहीं हुआ है। जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि शासन से जनपद में प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी हुई है। इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए 41 प्रस्तावित केंद्र बनाए गए हैं। प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची के संबंध में अगर किसी कालेज को कोई आपत्ति या सुझाव है तो वह 30 जनवरी को शाम पांच बजे तक डीआईओएस कार्यालय या कार्यालय की ई मेल आईडी पर भेज सकते हैं। इसके बाद मिलने वाली आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएगी। डीआईओएस ने बताया कि आपत्तियों पर सुनवाई के बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी। विदित हो कि पिछले साल जिले में 34 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा हुई थी।