भूरा-मायापुर रोड पर स्थित खेत पर छापेमारी कर प्रशासन ने करीब 36 क्विंटल राशन जब्त किया है। मुहर लगे कट्टों की अदला-बदली कर रहे थे। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में आपूर्ति निरीक्षक की ओर से राशन डीलर सहित तीन लोगों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कराया गया है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब ग्यारह बजे एसडीएम डाक्टर अमित पाल शर्मा व सीओ राजेश कुमार तिवारी भ्रमण पर निकले थे। इसी बीच मुखबिर ने सूचना दी कि भूरा-मायापुर रजबहे की पटरी पर स्थित खेत पर गरीबों को मिलने वाले राशन की कालाबाजारी हेतु सरकार की मुहर लगे कट्टों की अदला-बदली की जा रही सूचना के चलते एसडीएम ने मौके पर जाकर छापेमारी की। इस दौरान आरोपी फरार हो गए। मौके से सरकारी राशन से लदी पिकअप गाड़ी बरामद को कब्जे में ले लिया गया। एसडीएम ने संबंधित विभाग को निर्देशित किया, जिसके बाद विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। गाड़ी को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। आपूर्ति निरीक्षक संजय कुमार सक्सेना ने बताया कि पिकअप गाड़ी से कालाबाजारी के 72 कट्टे बरामद हुए हैं, जिनमें करीब 36 क्विंटल चावल भरे हुए हैं। चावल के कटटो पर हरियाणा सरकार की मोहर लगी थी। उन्होंने बताया कि मामले में इरफान निवासी मोहल्ला इकरामपुरा, बिट्टू उर्फ भूरा निवासी टीचर्स कॉलोनी व गाड़ी चालक शराफत निवासी ग्राम इस्सोपुर खुरगान के विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत डीएम के अनुमोदन के उपरांत कोतवाली कैराना पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
चार पिता-पुत्रों का शांतिभंग में चालान
कालाबाजारी राशन पर कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस के अनुसार, जब राजस्व टीम राशन की गाड़ी को लेकर आ रही थी, तभी मौजूद भीड़ में जमशेद व उसके तीन पुत्र आसमोहम्मद, सलमान व उस्मान निवासी मोहल्ला आलदरम्यान को आपस में झगड़ने के आरोप में पकड़ लिया गया। इनका शांतिभंग की आशंका में चालान कर कोर्ट में पेश किया गया।