शामली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 अक्तूबर तक बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने का निर्देश चीनी मिलों को दिया है। इस पर खरा उतरने के लिए चीनी मिल मालिकों के पास 32 दिन का समय बचा है। निर्धारित समयावधि में शामली जिले की तीनों चीनी मिलों को करीब 402 करोड़ 64 लाख रुपये का भुगतान करना होगा। यदि भुगतान नहीं हुआ, तो मिल मालिकों के खिलाफ कार्रवाई होनी तय है।
दरअसल, अक्तूबर माह के अंतिम सप्ताह से ही चीनी मिलों में नए पेराई सत्र के लिए गन्ना पेराई शुरू हो जाएगी। जिले की तीनों चीनी मिलों में पेराई सत्र शुरू करने की तारीख भी घोषित हो चुकी हैं। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिन पूर्व ही बागपत और सहारनपुर आगमन के दौरान कहा था कि शुगर मिलों में गन्ना पेराई सत्र शुरू होने से पहले 15 अक्तूबर तक बकाया गन्ना मूल्य भुगतान किसानों को दिलाया जाएगा। यदि शुगर मिलों ने भुगतान नहीं किया, तो 16 अक्तूबर को कार्रवाई होगी। अब शामली जिले में गन्ना मूल्य भुगतान की हालत देखी जाए, तो शुगर मिल प्रबंधनों की मनमानी आड़े आती रही है। यही वजह है कि अब तक जिले के किसानों का बकाया गन्ना मूूल्य भुगतान नहीं हो पा रहा है। जिले में तीन शुगर मिले हैं, जिनमें अपर दोआब शुगर मिल शामली, बजाज हिंदुस्तान शुगर मिल थानाभवन और ऊन स्थित द सुपीरियर फूड्स लिमिटेड शुगर मिल शामिल है। तीनों चीनी मिलों पर किसानों का 402 करोड़ 64 लाख पांच हजार रुपये बकाया है।
यदि इस बकाया धनराशि को 15 अक्तूबर तक की समयावधि के लिहाज से देखा जाए तो 32 दिन शेष रह गए हैं। लिहाजा चीनी मिलों को प्रतिदिन साढ़े 12 करोड़ रुपये का भुगतान करना पड़ेगा। तब जाकर निर्धारित समय में भुगतान पूरा हो सकेगा।
मिल प्रबंधन को गाइड लाइन का इंतजार
बजाज समूह की थानाभवन चीनी मिल के यूनिट हेड वीरपाल सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने बकाया भुगतान के लिए चार हजार रुपये करोड़ का बजट में प्रावधान रखा है। चीनी मिलों को सॉफ्ट लोन की गाइड लाइन का इंतजार है। ऋण की धनराशि आने के बाद किसानों को भुगतान करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उनका कहना है कि अभी यह कहना कठिन होगा किसानों का बकाया भुगतान कब तक किया जाएगा।
बकाया भुगतान निर्धारित समय में कराने के लिए शासन से गाइड लाइन प्राप्त होने पर अमल शुरू करा दिया जाएस्त्रत्त्गा। गाइड लाइन आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी कि किस तरह से भुगतान कराया जाएगा। - डाक्टर अनिल कुमार भारती, जिला गन्ना अधिकारी।
बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की स्थिति
चीनी मिल कुल देय भुगतान अवशेष धनराशि
शामली 37282.06 21099.70 161 करोड़ 82 लाख रुपये
ऊन 25491.88 14488.82 110 करोड़ 03 लाख रुपये
थानाभवन 46008.87 32930.24 130 करोड़ 78 लाख रुपये
कुल योग 108782.81 68518.76 402 करोड़ 64 लाख रुपये