शामली। दूसरे चरण के जिला पंचायत सदस्य के मतदान के लिए कलक्ट्रेट में एसडीएम कोर्ट में कैराना क्षेत्र के भाजपा सांसद के पौत्र अनुज चौहान, कैराना विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे अनिल चौहान की पत्नी सुषमा चौहान समेत कई दिग्गजों एवं उनकी पत्नियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। दूसरे चरण के जिला पंचायत सदस्य पद के पहले दिन 32 प्रत्याशियों ने 34 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में एसडीएम कोर्ट में जिला पंचायत सदस्य पद के आरओ डिप्टी कलक्टर अवधेश कुमार सिंह एवं एआरओ जिला गन्ना अधिकारी डॉक्टर अनिल भारती, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉक्टर पीके त्रिपाठी की मौजूदगी में सुबह आठ बजे से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई।
भाजपा सांसद हुकुम सिंह के पौत्र अनुज चौहान ने वार्ड ग्यारह से, कैराना विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके अनिल चौहान की पत्नी सुषमा चौहान ने वार्ड 13 से, रालोद नेता व कैराना के पूर्व ब्लाक प्रमुख चौधरी वाजिद अली ने अपनी पत्नी बिल्किश को वार्ड 12 से, कैराना ब्लाक प्रमुख चौधरी अय्यूब जंग ने अपनी पत्नी साजिदा बेगम का वार्ड 10 से नामांकन कराया।
जिला पंचायत के वार्ड 11 से विकास, अखलाक, हारून, अनुज चौहान, सेठपाल, वार्ड 12 से सोनिया, पूनम, पुनीत, प्रवेश पायल, तब्बसुम, सोमीना, सुमित्रा, सुधा, बिल्किश, सुधा, वार्ड 13 से मोनिका, शिक्षा, बेबी, अनिता, बेबी, सुषमा, जैतून समेत 32 प्रत्याशियों ने 34 नामांकन पत्र दाखिल किए।
आरओ अवधेश कुमार ने बताया कि शाम चार बजे तक 32 प्रत्याशियों ने 34 नामांकन पत्र दाखिल किए। आज गांधी जयंती पर अवकाश रहेगा। कल शनिवार को कैराना ब्लाक से जुड़े जिला पंचायत सदस्य के निर्वाचन की प्रक्रिया के तहत नामांकन भरे जाएंगे। प्रथम चरण के मतदान के लिए प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र वापस लिए जाएंगे।
20 नामांकन पत्र खरीदे गए
शामली। एआरओ एवं जिला गन्ना अधिकारी डॉक्टर अनिल भारती के मुताबिक कैराना विकास खंड के दूसरे चरण के जिला पंचायत सदस्य के मतदान के लिए कैराना की पूर्व सांसद तब्बसुम बेगम ने जिला पंचायत सदस्य के वार्ड 10 और उसकी पुत्री इकरा चौधरी वार्ड 11 से अपनी किस्मत आजमाएंगी। दोनों की ओर से नामांकन पत्र खरीदा गया है। दूसरे दिन जिला पंचायत के वार्ड 13 से खालिदा तितरवाड़ा, वार्ड 12 से मेहनाना तितरवाड़ा, बीना बधेव, मूर्ति देवी टिटौली, सीमा टिटौली समेत 20 नामांकन पत्र खरीदे गए। सभी प्रत्याशियों के शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल किए जाने की संभावना है।