मोक्ष कल्याण के लिए मानव शरीर को प्रभु भक्ति में लगाएं
जलालाबाद। पार्श्वनाथ अतिशय क्षेत्र के पंडाल में बने मंडप में जैन मुनि सौरभ सागर जी महाराज के सानिध्य में चल रहे श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान व विश्व शांति महायज्ञ में जैन मुनि सौरभ सागर जी महाराज ने कहा कि जीव को अपना जीवन सुधारना होगा। जीवन सुधारने के लिए अच्छे कर्म करने होंगे।
शनिवार को श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान व विश्व शांति महायज्ञ में पंडित संदीप जैन सजल ने सभी जैन समाज के श्रद्धालुओं को विधि विधान से शास्त्र पूजन कराया। श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान के निमित्त चौसठ गुणों की चतुर्थ पूजा कराई। इस मौके पर शांति धारा का पाठ किया, जिसमें मुख्य रूप से अतुल कुमार जैन, विनोद कुमार जैन दिल्ली वाले रहे। पंडित राजकुमार जैन, पंडित सनत कुमार जैन ने सभी इंद्र-इंद्राणियों से विश्व शांति हेतु महायज्ञ में मंत्रोच्चारण के द्वारा प्रार्थना कराई । सौधर्म इंद्र नरेंद्र जैन, यज्ञ नायक सत्येंद्र जैन, विपिन जैन, विशाल जैन, सुभाष जैन, राजेंद्र कुमार जैन आदि ने शंति धारा में हिस्सा लेकर विश्व शांति की प्रार्थना की। इस मौके पर जैन संत 108 सौरभ जी महाराज को श्री फल भेंट करके आशीर्वाद लिया। जैन मुनि सौरभ सागर जी महाराज ने कहा कि संसार में सभी जीवात्मा को यह मानव शरीर मिला है। इसलिए मानव शरीर को प्रभु की भक्ति में लगा देना चाहिए। जैन रोहिणी दिल्ली द्वारा विधि विधान से आरती कराई। कार्यक्रम में नरेंद्र जैन, सोमेंद्र जैन, विशाल जैन, सुभाष, विजयाचंद जैन, राजीव जैन, राजेंद्र जैन, उमा जैन, नीना जैन, सुयामा जैन, सुशील जैन, धनप्रकाश जैन, सचिन जैन, राहुल जैन, पंडित सनत कुमार जैन, पंडित संदीप जैन आदि उपस्थित रहे।