अमर उजाला ब्यूरो
शामली। नगरपालिका परिषद की बोर्ड बैठक में शामली-कुड़ाना-भौराकलां मार्ग शहीद अमित कुमार कोरी के नाम पर करने और स्मृति द्वार बनाए जाने का प्रस्ताव पारित हुआ। बैठक में वर्ष 2019-20 के लिए आय-व्यय का अनुमानित बजट भी सर्वसम्मति से पास हुआ।
अध्यक्ष अंजना बंसल की अध्यक्षता में हुई पालिका बोर्ड बैठक में वर्ष 2019-20 का आय-व्यय का अनुमानित बजट रखा गया। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 30 करोड़ 57 लाख 92 हजार 400 रुपये आय का अनुमानित बजट रखा गया जबकि 29 करोड़ 64 लाख 99 हजार 800 रुपये व्यय का अनुमानित बजट रखा। सभी सभासदों ने सर्वसम्मति से आय-व्यय का बजट पारित किया। प्रस्ताव संख्या दो में शामली-कुड़ाना-भौरा कलां मार्ग का नाम शहीद अमित कुमार के नाम करने और स्मृति द्वार का निर्माण का प्रस्ताव सभासद राजीव निर्वाल और प्रवेन्द्र निर्वाल ने रखा। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से सभासदों ने पास किया। समाधि स्थल का चयन कुड़ाना रोड पर होगा।
सभासद आशुतोष पंवार ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद क्षेत्र के अंतर्गत एक भव्य शहीद स्मारक बनाने का अनुरोध किया। बैठक में अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह, अवर अभियंता (सिविल) मूलचंद, वरिष्ठ लिपिक सुखपाल शर्मा, कनिष्ठ लिपिक लक्ष्मण सिंह और लेखाकार अनिल कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।