शामली/जलालाबाद। डीएम बृहस्पतिवार को शामली और जलालाबाद गोशालाओं का निरीक्षण करते हुए चारागाह की भूमि से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए।
डीएम अखिलेश कुमार सिंह सबसे पहले शामली गोशाला पहुंचे और गायों का चारा खिलाया। कहा आवारा पशु की व्यवस्था गोशाला में अधिक से अधिक की जाए, ताकि आवारा पशु खुले में न घूम सके। साथ ही फसलों को नुकसान से बचाया जा सके। चारागाह की भूमि पर आवारा पशुओं के लिए चारा उगाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जलालाबाद गोशाला का निरीक्षण किया। कहा कि चारागाह की जमीन के चारों तरफ घूमते हुए देखा के चारागाह की जमीनों पर कब्जे पाए गए। उन्होंने लेखपाल से कहा कि वह कब्जाधारियों को सूचना दें और कल ही खेत को खुद के ट्रैक्टर से जोत कर खाली किया जाए। ऐसा न करने वाले के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने चकबंदी लेखपाल को हिदायत दी कि जंजीर से पशु चर की जमीन नापी जाए। लेखपाल ने बताया कि मौके पर पहुंचकर चारागाह की कुछ जमीन से कब्जा हटवा दिया गया है। बाकि जल्द ही हटवाया जाएगा।
उधर जलालाबाद के नागल रोड स्थित गोशाला का डीएम ने जिले के अफसरों के साथ पहुंच कर निरीक्षण किया। गोशाला प्रबंधक संजय शर्मा से व्यवस्था आदि के बारे में जानकारी ली। गोशाला में इस समय 170 गौवंश मौजूद हैं। चारे व पानी की व्यवस्था जनता के सहयोग से की जा रही है। कस्बे में फिलहाल जहां पर गोशाला है, वह लगभग 300 बीघा पशुचर की भूमि है। जिस पर पशुओं के लिये विश्राम के लिए छाया आदि पर्याप्त नहीं है, कुछ भूमि पर पशुओं के लिए हरा चारा बो रखा है । नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विजय आनंद व चेयरमैन अब्दुल गफ्फार आदि से भी जिलाधिकारी ने भी जानकारी ली कि कस्बे में कितने गोवंश खुले में घूम रहे हैं। मौके पर राजस्व निरीक्षक रुपराम, लेखपाल अंकुर कुमार, चकबंदी लेखपाल धर्मेंद्र आदि से पशुचर की भूमि के बारे में पूछा गया कि कितना रकबा है। मौके पर एसडीएम सदर प्रशांत भारती चेयरमैन अब्दुल गफ्फार, जिला पशु चिकित्सा अधिकारी राजेश कुमार, राजस्व टीम, भाजपा नेता बॉबी शर्मा, डॉक्टर धर्मवीर पाल, रविंद्र शर्मा, हरिओम उपाध्याय, हरि सिंह सैनी आदि कस्बे के लोग मौजूद रहे।